
बसना/ 31 करोड़ की सड़क निर्माण में लापरवाही! बसना-भंवरपुर मार्ग पर धूल का गुबार, ग्रामीणों का जीना हुआ मुहाल महीनेभर से सड़क निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार, उखड़ी सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से राहगीर और ग्रामीण परेशान; ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
बसना (महासमुंद)। बसना से भंवरपुर की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य में कथित लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। महासमुंद जिले के बसना स्थित बिहारी ढाबा से सागरपाली मार्ग तक पुराने डामरीकरण का नवीनीकरण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, लगभग 17 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के निर्माण एवं नवीनीकरण के लिए शासन द्वारा करीब 31 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति और सड़क उखाड़ने के बाद नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य शुरू हुए लगभग एक माह हो चुका है। इस दौरान लंबे हिस्से में पुराने डामर को उखाड़ दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही के साथ ही भारी मात्रा में धूल उड़ती है। इससे आसपास के गांवों के लोगों, दुकानदारों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण धूल का गुबार लगातार उठ रहा है।
गौरतलब है कि इसी मार्ग का पूर्व में किया गया निर्माण भी विवादों में रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि पिछली बार बनी सड़क लंबे समय तक टिक नहीं पाई और निर्धारित समय से पहले ही जर्जर होने लगी थी। अब करोड़ों रुपये की लागत से सड़क का नवीनीकरण किया जा रहा है, ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
यह मार्ग यातायात की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। बताया जाता है कि अवैध रेत परिवहन में लगे वाहनों सहित कई बड़े वाहन टोल से बचने के लिए भंवरपुर, उमरिया और कनकेबा होते हुए सरायपाली की ओर इस मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा रायगढ़ की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही भी इस सड़क पर बनी रहती है। भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते सड़क की मजबूती और निर्माण गुणवत्ता का महत्व और बढ़ जाता है।
करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का नवीनीकरण किया जा रहा है, लेकिन निर्माण के दौरान ही ग्रामीणों को धूल और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य लंबे समय तक चलेगा तो आम लोगों को राहत देने के लिए नियमित पानी का छिड़काव क्यों नहीं किया जा रहा है? क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है?
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी सड़क की हालत पहले जैसी न हो। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस परेशानी पर कब संज्ञान लेते हैं।




