
पिथौरा। दिवाली मनाकर रायपुर काम पर लौट रहे एक युवक को पिथौरा के काठी ढाबा के पास दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूट लिया। आरोपियों ने युवक से पैसे मांगे और नहीं देने पर उसका मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिछिया (टांडापारा) निवासी निमेश कुमार राठौर (21 वर्ष) रायपुर स्थित सोनाली रोटो कंपनी में काम करता है। वह दिवाली का त्योहार मनाने अपने गांव आया हुआ था। 12 नवंबर 2026 को वह मोटरसाइकिल से वापस रायपुर काम पर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच पिथौरा के काठी ढाबा के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे चाकू दिखाकर रोक लिया और पैसे की मांग की।
युवक के पास पैसे नहीं मिलने पर दोनों आरोपियों ने उसका पुराना इस्तेमाल किया हुआ रियलमी मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है, लूट लिया और मौके से फरार हो गए। प्रार्थी ने बताया कि वह दोनों आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है। घटना के बाद पीड़ित ने 13 नवंबर को थाना पिथौरा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर धारा 309(4), 311 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।




