महासमुंद : बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, दम घुटने से मौत की पुष्टि, अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
महासमुंद। थाना महासमुंद क्षेत्र में मिली बुजुर्ग महिला की लाश के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मृतिका श्रीमती झूनी बाई उर्फ एवन कुर्रे (60 वर्ष), पति स्वर्गीय सुंदर लाल कुर्रे, निवासी ग्राम खैरा की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि दम घुटने से श्वास अवरोध के कारण होना पाई गई है। डॉक्टर द्वारा पीएम रिपोर्ट में Manner of Death – Homicidal in Nature अंकित किए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका दिनांक 06 सितंबर 2025 को दोपहर लगभग 2:30 बजे घर से बिना बताए निकल गई थी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 09 सितंबर 2025 को सूचना मिली कि भलेसर पेट्रोल पंप के पूर्व रोड किनारे झाड़ियों के बीच एक महिला की लाश पड़ी हुई है, जिससे बदबू आ रही है। मौके पर पहुंचकर मृतिका के पोते सुनील बघेल ने कपड़ों व चेहरे के आधार पर पहचान की।
प्रारंभिक तौर पर मृतिका की मानसिक स्थिति ठीक न होने तथा पूर्व में भी घर से चले जाने की आदत के चलते मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। शव पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने पर मर्ग जांच के आधार पर थाना महासमुंद में अपराध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
विवेचना सहायक उप निरीक्षक मान सिंह साहू द्वारा की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।



