CG बसना: शादी बनी साजिश हरियाणा के नाम पर दिल्ली में बेसहारा छोड़ने का आरोप थाना में महिला ने की कार्यवाही की मांग
शादी के नाम पर छल: दहेज की मांग, मारपीट के बाद दिल्ली स्टेशन पर छोड़ने का आरोप
बसना (महासमुंद)। थाना बसना क्षेत्र के ग्राम गोरेटक की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद उससे दो लाख रुपये की मांग की गई, मारपीट की गई और बाद में उसे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया गया।
पीड़िता भागवती सागर (उम्र लगभग 30 वर्ष) ने थाना बसना में दिए आवेदन में बताया कि वह मजदूरी का कार्य करती है। जुलाई 2025 में मजदूरी के सिलसिले में ग्राम संकरी गई थी, जहां हरियाणा निवासी मुंशी प्रेम शर्मा के माध्यम से उसकी पहचान प्रदीप कुमार से हुई। बातचीत के बाद दोनों का मंदिर में विवाह हुआ, जिसमें कुछ परिचित लोग मौजूद थे।
महिला के अनुसार विवाह के बाद पति उसे अपने घर ले गया, जहां दो दिन तक सब कुछ सामान्य रहा। इसके बाद सास और जेठानी ने उससे मायके से दो लाख रुपये लाने की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर पति, जेठानी और सास ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उस पर झूठे आरोप भी लगाए गए और जबरन एक खाली कागज पर हस्ताक्षर कराए गए।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि मारपीट के बाद उसे दिल्ली रेलवे स्टेशन ले जाकर छोड़ दिया गया। वहां एक अज्ञात व्यक्ति की मदद से वह रायपुर पहुंची और फिर अपने घर लौटी, जिसके बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



