सरायपाली : चावल के साथ चना भी ‘खा’ रहे सेल्समैन? अंतरझोला राशन दुकान पर गंभीर आरोप
राज्य एवं केंद्र सरकार की मंशा है कि अंत्योदय एवं प्राथमिक राशन कार्डधारी पात्रता परिवारों को प्रतिमाह 35 किलो निःशुल्क चावल प्रदान किया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न की कमी न हो। लेकिन सरायपाली विकासखंड के ग्राम पंचायत अंतरझोला में संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की राशन दुकान में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, इस राशन दुकान के संचालन की जिम्मेदारी कृष्णा महिला स्व सहायता समूह को दी गई है। आरोप है कि नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह में चना का आबंटन हुआ था, लेकिन सेल्समेन और फूड इंस्पेक्टर की मिलीभगत से चना वितरण में भारी गड़बड़ी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को पूरा राशन नहीं मिल पाया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
मामले की जानकारी लेने के लिए जब खाद्य अधिकारी सरायपाली से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे
फिलहाल मीटिंग में हैं। वहीं इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव से जानकारी चाही गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी उन्हें आपसे मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच टीम गठित कर मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर राशन वितरण में हुई गड़बड़ी को उजागर किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार मिल सके।



