महासमुंद/फर्सी फैक्ट्री में चल रहा था पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार, पुलिस ने हजारों लीटर ज्वलनशील पदार्थ के साथ 7 आरोपियों को पकड़ा
महासमुंद। महासमुंद पुलिस और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना महासमुंद क्षेत्र के ग्राम घोड़ारी स्थित एक फर्सी पत्थर फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर ज्वलनशील पदार्थ का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोड़ारी स्थित बालाजी फर्सी फैक्ट्री के अंदर राहुल यादव नामक व्यक्ति द्वारा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फैक्ट्री में दबिश देकर घेराबंदी की और जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में टैंकर, लोहे के ड्रम और सिनटेक्स टैंक में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ पाया गया।
जांच में कुल 10,120 लीटर पेट्रोल और 37,580 लीटर डीजल, यानी कुल 47,700 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 45 लाख 22 हजार 130 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो टैंकर, ड्रम, पंप, पाइप सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार मंदिर हसौद स्थित गैस कंपनी से टैंकर के माध्यम से भेजे जाने वाले पेट्रोल-डीजल को बीच रास्ते में हेराफेरी कर बालाजी फर्सी फैक्ट्री में उतारकर अवैध रूप से संग्रहित किया जाता था। यहां से कम कीमत पर खरीदे गए पेट्रोल-डीजल को अन्य ट्रक चालकों को अधिक दाम में बेचा जाता था।
इस मामले में पुलिस ने राहुल यादव सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 287 बीएनएस और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3(7) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना महासमुंद पुलिस और साइबर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।



