महासमुंद/जमीन विवाद में बाप-बेटे ने बुजुर्ग पर डंडे से हमला, गंभीर हालत में भर्ती
महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढाबाखार में जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सलडीह निवासी श्रीमती विनीता भोई (28 वर्ष) ने थाना सांकरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने पति अजय भोई के साथ अपने मायके ग्राम ढाबाखार गई थीं। वहां पहुंचने पर देखा कि उनके पिता सुरेंद्र भोई घर के आंगन में गिरे पड़े थे और उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी हुई थी।
पूछताछ करने पर घायल सुरेंद्र भोई ने बताया कि उसी दिन करीब 12 बजे गांव के तुरन भोई और उसका पुत्र नीलाम्बर भोई जमीन से जुड़े पुराने विवाद को लेकर घर में घुस आए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट की और जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
मारपीट में सुरेंद्र भोई के दाहिने पैर और कंधे में गंभीर चोट आई। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 की मदद से उन्हें सीएचसी बसना पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेकाहारा रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज रायपुर में जारी है।
घायल की हालत में सुधार होने के बाद 8 मार्च को थाना सांकरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपियों तुरन भोई और नीलाम्बर भोई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 333 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



