महासमुंद में हेलमेट नहीं पहनने वालों पर सख्ती, पहले दिन 73 रिपीट ऑफेंडर्स के कटे ई-चालान
महासमुंद। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने हेलमेट नियम को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। 8 मार्च 2026 से शहर में बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिलहाल कैमरों में बार-बार बिना हेलमेट दिखाई देने वाले रिपीट ऑफेंडर्स पर ही कार्रवाई की जा रही है। अभियान के पहले दिन ही 73 वाहन चालकों के ई-चालान काटे गए हैं।
पुलिस ने बताया कि जिन वाहनों को तीन बार बिना हेलमेट के कैमरे में कैद किया गया है, उन पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं 12 मार्च से कैमरे में कैद सभी नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ई-चालान जारी किया जाएगा।
महासमुंद पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि उनका दुपहिया वाहन जो भी चलाए, वह हेलमेट अवश्य पहने। नियम उल्लंघन की स्थिति में ई-चालान की जिम्मेदारी वाहन मालिक पर ही होगी।
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जनसहयोग और जागरूकता से महासमुंद को 100 प्रतिशत हेलमेट नियम का पालन करने वाला शहर बनाया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि जल्द ही सरायपाली, बसना और बागबाहरा में भी इसी तरह की ई-चालान कार्रवाई शुरू की जाएगी।



