बसना/सच्ची मित्रता और निष्काम भक्ति से ही मिलती है भगवान की कृपा – देवता
बसना। उड़िसा सीमावर्ती वनांचल क्षेत्र ग्राम सलपपानी में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा से पूरे अंचल का वातावरण भक्तिमय हो गया है। 5 मार्च से प्रारंभ हुई इस सात दिवसीय कथा में दूर-दराज़ के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं।
कथा व्यास भगवताचार्य पं. क्षेत्रपाल महाराज जी ने अपने मधुर एवं भावपूर्ण वचनों से श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति का संदेश दिया। कथा के दौरान रासलीला, मथुरा गमन तथा रुक्मिणी विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
महाराज श्री ने सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि सच्ची मित्रता और निष्काम भक्ति से ही भगवान की कृपा प्राप्त होती है। वहीं परीक्षित मोक्ष प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने जीवन में सत्संग और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के इन प्रसंगों को सुनकर कई ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और पूरा पंडाल हरि नाम संकीर्तन से गूंज उठा।
कथा स्थल पर प्रतिदिन भजन-कीर्तन और आरती के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आयोजकों के अनुसार कथा के समापन तक इसी प्रकार धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।



