बसना/महासमुंद नशीली दवाइयों की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी गिरफ्तार, कफ सिरप-इंजेक्शन समेत वाहन जब्त
बसना/महासमुंद। जिले में अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां तथा एक मोटर साइकिल जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर 10 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए संतोष पोर्ते पिता कार्तिक राम पोर्ते (31 वर्ष) निवासी ग्राम भूलका सरायपाली थाना बसना जिला महासमुंद को पकड़ लिया गया। आरोपी के पास से अवैध रूप से रखी नशीली दवाइयां बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विसेरेक्स कफ सिरप 07 नग (प्रत्येक 100 एमएल), नाइट्रोजेपम टैबलेट 30 पत्ते (कुल 300 टैबलेट) तथा पेंटाजोसिन लेक्टेट इंजेक्शन 69 नग बरामद किए हैं। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त होंडा हार्नेट मोटर साइकिल क्रमांक CG 06 HA 2710 भी जब्त की गई है।
जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 77,757 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



