सरायपाली घंटेश्वर मंदिर के पास घेराबंदी… बाइक सवार से खुला गांजे का राज, ओडिशा का युवक गिरफ्तार
सरायपाली/महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 329 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घंटेश्वर मंदिर सरायपाली के पास घेराबंदी कर संदेही का इंतजार किया। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल से युवक वहां पहुंचा, जिसे रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्ण चंद्र राणा (22 वर्ष) निवासी ग्राम बटागुंडा, थाना बालीगुडा (ओडिशा) तथा वर्तमान निवास तुसरा, जिला बलांगीर बताया। पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी की प्रक्रिया पूरी करने पर उसके पास से 5 किलो 329 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 20 (बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (OD 12 F 1584) भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 49 मामलों में 3057.790 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कुल कीमत 15 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये है। इन मामलों में 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



