सरायपाली पुलिस की कार्रवाई: 65 वर्षीय आरोपी से अवैध शराब जब्त, मौके पर ही गिरफ्तार
थाना सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अर्जुन्डा में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी शराब की 24 बोतलें जब्त की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 मार्च 2026 को प्रधान आरक्षक राधाचरण प्रधान हमराह स्टाफ के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अर्जुन्डा स्थित साहू होटल के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम चंदन भोई (65 वर्ष) निवासी अर्जुन्डा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक सफेद-लाल रंग के कार्टून में 24 नग देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई। कुल 4320 एमएल शराब की कीमत लगभग 1920 रुपये बताई गई है।
आरोपी से शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)A आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। चूंकि मामला जमानतीय था, इसलिए आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में गवाह के रूप में रामेश्वर सिन्हा एवं मनोज यादव की उपस्थिति रही। मामले की विवेचना जारी है।



