
सरायपाली : महिला से गाली-गलौज कर मारपीट, पत्थर से किया हमला
बेटे को गाली देने से मना करने पर महिला के साथ मारपीट, माथे पर आई चोट
सरायपाली , 21 अक्टूबर 2026 महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 02 वीरेंद्र नगर में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मोहल्ले के दुर्गेश निषाद के विरुद्ध गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, वह वार्ड नंबर 02 वीरेंद्र नगर, सरायपाली की निवासी है। वह कक्षा पांचवीं तक पढ़ी-लिखी है और रोजी-मजदूरी का काम करती है। दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे वह अपने घर में थी। उसी समय घर के सामने उसका बेटा ओमप्रकाश यादव मौजूद था, जिसे मोहल्ले का दुर्गेश निषाद गाली-गलौज कर रहा था।
आवाज सुनकर महिला घर से बाहर निकली और देखा कि दुर्गेश निषाद उसके बेटे ओमप्रकाश यादव को गाली-गलौज कर रहा है। इस पर महिला ने दुर्गेश निषाद से पूछा कि वह गाली-गलौज क्यों कर रहा है। आरोप है कि इस बात पर दुर्गेश निषाद ने महिला को भी गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
पत्थर से माथे पर किया वार
पीड़िता के मुताबिक, मारपीट के दौरान दुर्गेश निषाद ने पास में पड़े पत्थर को उठाकर उसके माथे के बाईं तरफ मार दिया। इससे उसके माथे में चोट लग गई और खून निकलने लगा। घटना देखकर महिला का बेटा ओमप्रकाश यादव और बेटी भूमि यादव मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। इसके बाद दुर्गेश निषाद वहां से चला गया।
घटना के बाद पीड़िता थाना सरायपाली पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए दुर्गेश निषाद के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने बताया कि उसकी बेटी भूमि यादव को रिपोर्ट पढ़कर सुनाई गई, जो उसके बताए अनुसार सही लिखी गई है।




