
बागबाहरा : हरनादादर में अज्ञात चोर ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चोरी कर ली
सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, सोने-चांदी के जेवर सहित 80 हजार का माल पार
महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरनादादर में अज्ञात चोर ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चोरी कर ली। प्रार्थी कार्तिक यादव (30 वर्ष) पिता देवान यादव ने थाना बागबाहरा पहुंचकर चोरी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(3) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
दुर्गा विसर्जन के लिए गया था परिवार
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम हरनादादर निवासी कार्तिक यादव कक्षा आठवीं तक पढ़ाई किया है तथा राजमिस्त्री का काम करता है। प्रार्थी ने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर दुर्गा विसर्जन के लिए गया था। विसर्जन के बाद शाम करीब 4 बजे जब परिवार वापस घर लौटा, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
अलमारी का ताला तोड़कर जेवर और नगदी पार
घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे तीन नग सोने के लॉकेट, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक नग चांदी की करधन, जिसकी कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है, तथा 50 हजार रुपये नगद गायब मिले। प्रार्थी के अनुसार, अज्ञात चोर घर से कुल 80 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
घटना के संबंध में कार्तिक यादव ने थाना बागबाहरा में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। आवेदन के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(3) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




