
तुमगांव : पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर ब्लेड से हमला, गले और पीठ पर आई चोटें
महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोबा निवासी एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 20 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम अछोला में ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने की बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जोबा निवासी युवक रोजी-मजदूरी का काम करता है। दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को वह अपने दोस्त मुकेश गायकवाड, हर्ष सोनवानी और केशव ध्रुव के साथ दो मोटरसाइकिलों से रायपुर जा रहा था। शाम करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच उसकी मोटरसाइकिल पंचर हो गई, जिसके बाद वह ग्राम अछोला में ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने पंचर बनवा रहा था।
इसी दौरान ग्राम अछोला के अज्जु और कामदेव वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पुरानी रंजिश की बात को लेकर युवक के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अज्जु ने अपने हाथ में रखे ब्लेड से युवक के गले और पीठ पर वार किया, जबकि कामदेव ने उसके बाएं हाथ पर ब्लेड से वार कर चोट पहुंचाई।
घटना के दौरान युवक के दोस्त मुकेश गायकवाड, हर्ष सोनवानी और केशव ध्रुव मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना को देखा-सुना और बीच-बचाव किया।
पीड़ित ने घटना के संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




