महासमुंद/ कलेक्टर कार्यालय के डेढ़ वर्ष पूर्व हुई उठाईगिरी की वारदात में अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार
महासमुंद | महासमुंद पुलिस को डेढ़ वर्ष पूर्व हुई उठाईगिरी की वारदात में बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2024 में कलेक्टर कार्यालय के पास खड़ी बोलेरो वाहन का शीशा तोड़कर अज्ञात आरोपी द्वारा करीब 3 लाख रुपये की चोरी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब एक अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दिया था। इसी आधार पर संदिग्ध की पहचान कर पुलिस ने उसकी खोज तेज कर दी थी।
हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति महासमुंद रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने 3 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है और उससे अन्य कई मामलों के खुलासे होने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इस कार्रवाई को महासमुंद पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित मामला सुलझ गया है।



