महासमुंद पुलिस ने 1.59 करोड़ के मादक पदार्थ किए नष्ट, 35 मामलों की कार्रवाई पूरी
महासमुंद। पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद के निर्देशन में जिलेभर में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को सिलतरा स्थित बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट, एसएमएस रायपुर में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
नष्टीकरण की इस कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार 520 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इसमें 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन, 2576 नग सिरप, 11,367 कैप्सूल, 62,449 टैबलेट और 4,123 इंजेक्शन (एम्पुल) शामिल रहे। सभी पदार्थों का नष्टीकरण शासन की गाइडलाइन के अनुरूप किया गया।
यह मादक पदार्थ जिले के विभिन्न थाना और चौकियों में दर्ज कुल 35 मामलों में जब्त किए गए थे। इनमें सिंघोड़ा के 1, सरायपाली के 4, बलौदा के 2, पटेवा के 1, तुमगांव के 1, महासमुंद के 13, बागबाहरा के 1, कोमाखान के 2 और बसना के 10 प्रकरण शामिल हैं।
बताया गया कि इन मामलों में वर्ष 2017 से लेकर 2025 तक के प्रकरण शामिल हैं। नष्टीकरण से पहले सभी मादक पदार्थों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसके बाद जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष (पुलिस अधीक्षक), सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



