बसना: रोड पर आधी रात लूटकांड, सरायपाली के युवक से मारपीट कर लूट नगदी व चांदी की चैन ले भागे बदमाश
बसना/सरायपाली, 21 अप्रैल 2026।
बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़पटनी रोड पर देर रात लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने सरायपाली निवासी युवक को रोककर मारपीट की और नगदी सहित कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 1 सरायपाली निवासी राकेश सहिस (शिक्षा—कक्षा 12वीं, पेशा—टाटा मोटर्स सरायपाली में कार्यरत) ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को उनका भाई रोशन सहिस स्कूटी क्रमांक CG06HC 4934 से रिश्तेदारी में भंवरपुर शादी समारोह में शामिल होने गया था।
वहां से लौटने के बाद रोशन सहिस गढ़पटनी में एक अन्य शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान रात्रि करीब 12:15 बजे बसना क्षेत्र स्थित शराब भट्ठी के पास गढ़पटनी रोड पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और डराकर उसके पास रखे सामान लूट लिए।
आरोपियों द्वारा रेडमी कंपनी का काले रंग का पावर बैंक, 500-500 रुपये की दो नगदी रकम (कुल 1000 रुपये), गले में पहनी चांदी की चैन तथा शर्ट की जेब में रखा आधार कार्ड लूट लिया गया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है। घटना के बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर सरायपाली स्थित अपने घर पहुंचा और अपने पिता रामनाथ सहिस तथा भाइयों रोशन सहिस एवं सूरज को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस प्रकार की घटना से लोगों में भय का माहौल है।



