रात 11:30 बजे घर से बिना बताए निकली उमेश्वरी, परिजनों ने गांव से रिश्तेदारों तक की तलाश; धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज
महासमुंद/बागबाहरा, 31 अगस्त 2026।
बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम घुचापाली में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने थाना बागबाहरा पहुंचकर अपनी नाबालिग पुत्री होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार उमेश्वरी साहू की जन्मतिथि 27 मई 2009 है और वह कक्षा 12वीं में पढ़ाई कर रही थी। 30 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी गांव, आसपास के क्षेत्र, पड़ोसियों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक किशोरी की ऊंचाई करीब 4 फीट 11 इंच, चेहरा लंबा, आंखें काली, रंग गोरा और बाल काले हैं। घटना के समय उसने गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था। उसके नाक में सोने की नथनी और कान में बाजारू बाली पहनी थी। किशोरी हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
किशोरी के पिता ने संदेह जताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले जाया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आवेदन का अवलोकन कर प्रथम दृष्टया धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस द्वारा किशोरी की तलाश और मामले की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों पर पतासाजी करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच में जुटी है।
नाबालिग किशोरी के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं। पुलिस की तलाश एवं विवेचना कार्रवाई जारी है।



