जिलाध्यक्ष अनिल पटेल बोले—आयोजन को बनाएंगे यादगार जिला कार्यसमिति की बैठक में बनी विस्तृत कार्ययोजना, पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
पिथौरा। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला महासमुंद की जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक शाला पिथौरा में आयोजित हुई। बैठक कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी एवं उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन के आतिथ्य तथा जिलाध्यक्ष अनिल पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों के साथ प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक में आगामी 19 एवं 20 सितंबर को महासमुंद के आई.आर. रिसॉर्ट, भलेसर मार्ग में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न विभागों एवं व्यवस्थाओं के अनुसार कार्यों का विभाजन किया गया और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी ने कहा कि महिला शिक्षक सम्मेलन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। महिला शिक्षकों की भूमिका को संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने प्रदेशभर से अधिकाधिक महिला शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से संभव होती है। उन्होंने जिला संगठन द्वारा तैयार कार्ययोजना के अनुसार सभी दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष अनिल पटेल ने कहा कि महासमुंद जिले को प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। इसे संगठन की गरिमा के अनुरूप सफल बनाने के लिए जिला संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से एकजुट होकर सम्मेलन को यादगार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के अवसर पर जिले के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला सचिव जयराम पटेल ने किया। इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री भागवत जगत की विशेष उपस्थिति रही। जिला कार्यसमिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव रखे तथा सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन केवल एक आयोजन न होकर महिला शिक्षकों के सम्मान, सहभागिता और संगठनात्मक सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बने। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिलेभर में व्यापक समन्वय एवं संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
जिला कार्यसमिति की बैठक में समस्त जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं ब्लॉक पदाधिकारी सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



