महासमुंद/बसना, 31 अगस्त 2026। थाना बसना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरको जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास एक व्यक्ति को 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिरको मार्ग स्थित पुलिया के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों खेमराज महंती एवं प्रमोद कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
मौके पर मिले व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम राकेश तांडी (42 वर्ष), निवासी ग्राम सिरको, थाना बसना, जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे प्लास्टिक थैले से 5-5 लीटर क्षमता वाली दो जरकीनों में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब को जब्त कर सीलबंद किया तथा आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में मप्रआर 221 हेमाद्री देवता एवं आरक्षक 551 संजीव सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।



