सरायपाली। सरायपाली-तोरेसिंहा मार्ग से 24 भैंसों को कथित रूप से अवैध तरीके से ओडिशा ले जाने का मामला सामने आया है। 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे मिली सूचना के बाद कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर भैंसों को ले जा रहे छह लोगों को रोक लिया। घटनाक्रम के दौरान दो आरोपी भाग निकले, जबकि ओडिशा से पहुंचे कथित तस्कर समेत अन्य लोग भी मौके से फरार हो गए। बाद में चार लोगों को 24 भैंसों के साथ पुलिस के सुपुर्द किया गया।
इस संबंध में बागबाहरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 लालपुर निवासी विजय शर्मा ने 3 सितंबर को थाना सरायपाली में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, विजय शर्मा स्नातक तक पढ़े हैं और बेकरी व्यवसाय करते हैं।
रात में मिली थी तस्करी की सूचना।आवेदन में बताया गया है कि 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि सरायपाली से तोरेसिंहा मार्ग होते हुए भैंसों को अवैध रूप से ओडिशा ले जाया जा रहा है। सूचना पर विजय शर्मा अपने साथियों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां 24 भैंसों को ले जा रहे छह लोगों को रोककर पूछताछ की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पूछताछ में कथित तौर पर पता चला कि बस्ती सरायपाली निवासी के माध्यम से भैंसों को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा तक पहुंचाया जाना था। इसके बाद 3 सितंबर की सुबह करीब 3.50 बजे डायल 112 को सूचना दी गई।
ओडिशा से वाहन लेकर पहुंचा व्यक्ति।आवेदन के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में भूपेश बरिहा और ज्ञानेन्द्र लोहार को साथ लेकर उनके मोबाइल से ओडिशा के कथित तस्कर को फोन किया गया और पैसे ले जाने के लिए सीमा क्षेत्र में बुलाया गया। कुछ देर बाद ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति सफेद महेन्द्रा वाहन जैसे वाहन से वहां पहुंचा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह और उसका साथी ललित कार से उतरकर उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तभी कार में बैठे भूपेश बरिहा और ज्ञानेन्द्र लोहार वहां से भाग गए। वहीं ओडिशा से आए व्यक्ति के साथ मौजूद उसका साथी भी वाहन से उतरकर जंगल की ओर भाग गया। बताया गया कि वह वाहन की चाबी वहीं छोड़ गया।
पुल के पास नाले में कूदकर भागा
विजय शर्मा के अनुसार, एक व्यक्ति को पकड़कर उसकी गाड़ी की चाबी लेकर उसे अपनी कार में बैठाया गया और तोरेसिंहा-पदमपुर मार्ग स्थित पुल के पास लाया गया। वहां कुछ अन्य साथी भी मौजूद थे। कथित तस्कर से पूछताछ के लिए वाहन रोका गया, तभी वह अचानक गाड़ी से उतरकर नाले में कूद गया और भाग निकला।
इसके बाद बचे चार लोगों को पुलिस को बुलाकर 24 भैंसों सहित सौंप दिया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में मौके पर छोड़े गए वाहन के पास जाने पर वह वहां नहीं मिला।
पुलिस जांच से साफ होगी स्थिति
विजय शर्मा ने आवेदन में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। भैंसों को कहां से लाया गया था, उन्हें ओडिशा में किसे सौंपा जाना था और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे, यह जांच का विषय है।



