- महासमुंद : समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, सेवा संकल्प अभियान को लेकर दिए निर्देश
महासमुंद, 08 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
सेवा संकल्प अभियान के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश
सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने कहा। अभियान के अंतर्गत 12 विभिन्न कार्यक्रमों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
युवाओं को विकसित भारत क्विज से जोड़ने पर जोर
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत आयोजित विकसित भारत क्विज में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। क्विज में पंजीयन की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 है। सीईओ ने शेष अवधि में विशेष अभियान चलाकर प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप युवाओं का पंजीयन कराने कहा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बच्चों के आधार पंजीयन की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को हेल्पलाइन की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बच्चों के आधार कार्ड पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीईओ ने एमबीयू से वंचित बच्चों का चिन्हांकन कर 30 सितंबर तक पंजीयन की कार्रवाई पूरी कराने कहा। शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर स्कूल स्तर पर आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने कहा गया। संकुल समन्वयकों को इसकी जिम्मेदारी सुनिश्चित करने तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने और नियमित रूप से नेवता भोज आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
सीईओ ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम में सर्वे की स्थिति की नियमित समीक्षा करने कहा। जहां कार्य लंबित है, वहां विशेष टीम लगाकर समय-सीमा में सर्वे पूरा कराने के निर्देश दिए गए। सर्वे के दौरान संबंधित प्लॉट और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास और ग्रामीण रोजगार कार्यों की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति, कार्य प्रारंभ होने की स्थिति और लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की जानकारी ली। अधिकारियों को स्वीकृत कार्य समय पर प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जन शिकायतों और न्यायालयीन प्रकरणों पर भी फोकस
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न जन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।



