उधारी के पैसे को लेकर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
सरायपाली। वार्ड क्रमांक 02 वीरेंद्र नगर निवासी एक बीकॉम छात्र ने पांच युवकों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सरायपाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने आवेदन दिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है तथा 100 बिस्तर अस्पताल के पास डेली नीड्स की दुकान संचालित करता है। उसने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी दुकान पर था। इसी दौरान उसके पूर्व परिचित लियाकत अली, तौफिक खान और बाबू दुकान के पास पहुंचे। लियाकत अली ने उससे पैसे मांगे। इस पर शिकायतकर्ता ने कहा कि पहले से उधारी के पैसे नहीं दिए गए हैं, फिर भी पैसे मांगे जा रहे हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद लियाकत अली ने उसे अपनी मोटरसाइकिल से चलने के लिए कहा। वह लियाकत अली और बाबू के साथ मोटरसाइकिल से बस्ती सरायपाली स्थित शंकर तालाब के पास पहुंचा। आरोप है कि वहां लियाकत अली ने उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि लियाकत अली ने फोन कर अपने साथी बिट्टू खान और नावेद खान को भी वहां बुला लिया। दोनों के पहुंचने के बाद कथित रूप से बिट्टू खान और लियाकत अली ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे से मारपीट की। वहीं नावेद खान पर भी हाथ-मुक्का से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
मारपीट में शिकायतकर्ता के गले में खरोंच, बाएं हाथ की कोहनी के ऊपर, बाएं हाथ की उंगली तथा दोनों पैरों में चोट आने की बात कही गई है। घटना के दौरान बाबू के भी मौके पर मौजूद होने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।
शिकायतकर्ता ने घटना की जानकारी अपने दोस्त शिवा नायक और अजय डोंगरे को देने की बात कही है। उसने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



