
तेंदूकोना में मोटर वाइंडिंग दुकान का ताला तोड़कर 1.61 लाख रुपये का सामान चोरी
कॉपर तार और नगदी रकम ले गए अज्ञात चोर, संचालक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
महासमुंद। जिले के तेंदूकोना थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने मोटर वाइंडिंग की दुकान का ताला तोड़कर कॉपर तार और नगदी रकम की चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 61 हजार 500 रुपये बताई गई है। दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टुरीझर, थाना तेंदूकोना, जिला महासमुंद निवासी जीवन साहू, पिता जगेश्वर साहू, की तेंदूकोना मेन रोड पर पेट्रोल पंप के पास साहू मोटर वाइंडिंग नाम से दुकान है। वह कक्षा 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद दुकान का संचालन करता है।
जीवन साहू ने पुलिस को बताया कि दिनांक 24 अक्टूबर 2026, शनिवार की शाम लगभग 6 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 25 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8 बजकर 40 मिनट पर जब वह दुकान खोलने पहुंचा, तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद दुकान के अंदर जाकर देखने पर सामान चोरी होने की जानकारी मिली।
अज्ञात चोर दुकान से लगभग 100 किलोग्राम पुराना रिवाइंडिंग कॉपर तार, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये है, तथा लगभग 20 किलोग्राम नया कॉपर तार, जिसकी कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई गई है, चोरी कर ले गए। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे 500 रुपये नगद भी चोरी कर लिए गए।
इस प्रकार चोरी गए पुराने और नए कॉपर तार तथा नगदी रकम की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 61 हजार 500 रुपये बताई गई है। घटना के संबंध में जीवन साहू ने 25 अक्टूबर 2026 को थाना तेंदूकोना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अज्ञात चोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
आवेदक के लिखित आवेदन के आधार पर थाना तेंदूकोना पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी और चोरी गए सामान की बरामदगी के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।




