
भुरकोनी दुर्गा चंदा के हिसाब को लेकर विवाद, महिला से मारपीट का आरोप
भुरकोनी में महिला समूह की बैठक के दौरान हुआ विवाद, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
महासमुंद/तेन्दूकोना। जिले के तेन्दूकोना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बुंदेली के ग्राम भुरकोनी में दुर्गा चंदा के हिसाब-किताब को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम भुरकोनी के वार्ड क्रमांक 03 निवासी 55 वर्षीय यशोदा भोई, पति परदेशी भोई, गृहिणी हैं और गांव के महिला समूह की सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे गांव के दुर्गा चौक गौठान में दुर्गा चंदा के हिसाब-किताब को लेकर बैठक चल रही थी। वह भी बैठक में उपस्थित थीं।
इसी दौरान गांव के लखन डडसेना और उसके पुत्र बालेश डडसेना व आकाश डडसेना वहां पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, तीनों दुर्गा चंदा के हिसाब-किताब को लेकर हो-हल्ला कर रहे थे। यशोदा भोई ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो वे विवाद करने पर उतारू हो गए।
बीच-बचाव करने पर मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद के दौरान जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो तीनों ने एक साथ मिलकर उनके साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। महिला ने बताया कि मारपीट के कारण उनकी पीठ और दोनों हाथों में दर्द हो रहा है। आरोपियों द्वारा गाली-गलौज किए जाने से उन्हें बुरा लगा।
घटना के दौरान महिला के बेटे सुनील भोई सहित गांव के विकास अग्रवाल, भुवनेश्वरी भोई, शिवकुमारी विश्वकर्मा, मुनिया मिर्धा और कीर्ति विश्वकर्मा के मौजूद रहने की बात शिकायत में कही गई है। इनके द्वारा घटना को देखने-सुनने और बीच-बचाव करने का उल्लेख भी किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत पर चौकी बुंदेली पुलिस ने लखन डडसेना, बालेश डडसेना और आकाश डडसेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। प्रकरण की सूचना माननीय न्यायालय जेएमएफसी पिथौरा, जिला महासमुंद को भेजे जाने का उल्लेख पुलिस दस्तावेज में किया गया है।
फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोप शिकायत पर आधारित हैं। प्रकरण में पुलिस की विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




