
पौंसरा /नेशनल हाईवे-53 सड़क पार कर रहे साइकिल सवार को तेज रफ्तार इनोवा कार ने मारी टक्कर, दोनों पैरों में चोट
बसना। महासमुंद जिले के ग्राम पौंसरा में नेशनल हाईवे-53 पर सड़क पार कर रहे साइकिल सवार को तेज रफ्तार इनोवा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार मकरध्वज प्रधान के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पौंसरा निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को सुबह उसके चाचा मकरध्वज प्रधान अपनी साइकिल से खेत जा रहे थे। सुबह करीब 8:25 बजे वे ग्राम पौंसरा क्रॉसिंग के पास एनएच-53 सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सरायपाली की ओर से आ रही इनोवा कार क्रमांक CG13C7877 के चालक थोमस मिरी ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए साइकिल सवार मकरध्वज प्रधान को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से मकरध्वज प्रधान सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं तथा खून निकलने लगा। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें अपनी स्विफ्ट कार से उपचार के लिए बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में घायल के भतीजे ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।




