
तेन्दूकोना। ब्यारा में रखे 9 कट्टा धान की चोरी, दो दुकानों में बेचने का आरोप
तेन्दूकोना। महासमुंद जिले के ग्राम धामनतोरी में ब्यारा (बाड़ा) में रखे धान की चोरी का मामला सामने आया है। किसान की शिकायत के अनुसार, उसके ब्यारा में रखे 9 कट्टा धान को चोरी कर दो अलग-अलग गांवों की किराना दुकानों में बेच दिया गया। चोरी हुए धान की कुल कीमत करीब 8,640 रुपये बताई गई है। किसान ने मामले की रिपोर्ट थाना तेन्दूकोना में दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम धामनतोरी निवासी राधेश्याम पटेल खेती-किसानी का काम करते हैं। उनके नाम पर 16 एकड़ जमीन है। इसके अलावा उन्होंने अन्य किसानों से करीब 20 एकड़ जमीन अधिया-रेगहा पर लेकर रवि फसल लगाई थी। उनका ब्यारा ग्राम धामनतोरी से झलप रोड जाने वाले कच्चे मार्ग पर स्थित है, जहां वे अपना धान रखते हैं।
राधेश्याम पटेल ने रवि फसल का बचा हुआ 23 कट्टा धान अपने ब्यारा में रखा था। उन्होंने 17 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे धान की जांच की थी, तब सभी कट्टे सुरक्षित थे। इसके अगले दिन 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे जब वे अपने ब्यारा पहुंचे, तो कुछ धान नीचे बिखरा हुआ मिला। संदेह होने पर उन्होंने कट्टों की गिनती की, जिसमें 9 कट्टा धान गायब मिला।
इसके बाद किसान ने आसपास पता किया तो जानकारी मिली कि ग्राम धामनतोरी के अर्जुन दीवान ने ग्राम जोबा कला के किराना दुकान संचालक ईश्वर प्रसाद यादव और ग्राम नरतोरा के किराना जनरल स्टोर संचालक जय किशन यादव के पास कई बार कट्टों में धान लाकर बेचा था।
इस जानकारी के बाद राधेश्याम पटेल ने गांव के मोहन प्रसाद दुबे, संतोष कुमार पटेल, पंचराम दीवान, नरेश कुमार नायक और ग्राम कोटवार अलखराम कुलदीप की मौजूदगी में अर्जुन दीवान को बुलाकर पूछताछ की। शिकायत के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अर्जुन दीवान ने राधेश्याम पटेल के ब्यारा में रखे धान में से 9 कट्टा चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने 4 कट्टा धान ग्राम जोबा कला में ईश्वर प्रसाद यादव की किराना दुकान और 5 कट्टा धान ग्राम नरतोरा में जय किशन यादव के जनरल स्टोर में बेचने की बात बताई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी अर्जुन दीवान, पिता स्वर्गीय ठाकुरराम दीवान, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम धामनतोरी ने प्रत्येक कट्टे में 40 किलोग्राम के हिसाब से कुल 9 कट्टा धान, यानी 360 किलोग्राम धान चोरी कर बेचा। इसकी कुल कीमत करीब 8,640 रुपये बताई गई है।
इसके बाद राधेश्याम पटेल गांव के लोगों और ग्राम कोटवार के साथ थाना तेन्दूकोना पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: चोरी और धान बेचने से संबंधित बातें शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित हैं।




