
महासमुंद: NH-353 पर मामाभांचा मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, 25 वर्षीय युवक की मौत
महासमुंद। जिले में सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुमेश कुमार मन्नाडे, पिता सोमन लाल मन्नाडे, निवासी ग्राम बोहारडीह, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। हादसा 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे NH-353 मार्ग पर मामाभांचा मोड़ के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोहारडीह निवासी हुमेश कुमार मन्नाडे महासमुंद के MVPG कॉलेज में पढ़ाई करने गया था। वह अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GR 8166 से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान NH-353 मार्ग पर मामाभांचा मोड़ के पास सामने से आ रही ईको एम्बुलेंस क्रमांक CG 06 GW 0144 के चालक ने कथित तौर पर वाहन तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में हुमेश कुमार मन्नाडे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद उसे एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बागबाहरा ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में उसकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया है कि घटना को हुसेन कुमार मन्नाडे ने देखा है। मृतक के चचेरे भाई ने थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।




