
बसना। पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर तहसील बसना के पटवारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने के कारण प्रभावित हो रहे राजस्व कार्यों को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, तहसील बसना के कुल 30 पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे राजस्व संबंधी कार्यों और किसानों को होने वाले कामकाज के प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा महासमुंद से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में हड़ताल पर गए पटवारियों के हल्कों का अतिरिक्त प्रभार राजस्व निरीक्षकों एवं कार्यरत पटवारियों को सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिन हल्कों में पदस्थ पटवारी हड़ताल पर नहीं हैं, उन्हें उनके मूल हल्के के साथ अतिरिक्त हल्कों की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
आदेश के तहत राजस्व निरीक्षक कुलदीप भाई को हल्का क्रमांक 20 एवं भंवरपुर, राजेश साहू को हल्का क्रमांक 45 एवं गढ़फुलझर तथा राकेश कुमार साहू को हल्का क्रमांक 34 बसना का प्रभार सौंपा गया है। वहीं, विभिन्न पटवारियों को हल्का क्रमांक 1 से 52 तक के अलग-अलग राजस्व हल्कों की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन की इस व्यवस्था का उद्देश्य राजस्व संबंधी कार्यों को प्रभावित होने से बचाना तथा किसानों एवं आम नागरिकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा महासमुंद, तहसीलदार बसना, नायब तहसीलदार भंवरपुर तथा संबंधित राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
देखें आदेश –




