
पिथौरा : सुखीपाली में 4.5 लीटर महुआ शराब के साथ 53 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
महासमुंद/पिथौरा। पिथौरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सुखीपाली में एक व्यक्ति को 4.5 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 900 रुपये कीमत की महुआ शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 नवंबर 2026 को थाना पिथौरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक नीलम मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सुखीपाली निवासी नंदलाल पटेल अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से बिक्री करने के लिए महुआ शराब रखे हुए है। सूचना को रोजनामचा में दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को मोबाइल फोन के माध्यम से अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम अवैध शराब के विरुद्ध रेड कार्रवाई के लिए शासकीय वाहन क्रमांक CG 03 A 1085 से रवाना हुई।
पुलिस टीम में आरक्षक क्रमांक 350, 411 तथा महिला आरक्षक क्रमांक 530 शामिल थे। टीम अपने साथ लैपटॉप, प्रिंटर, बैटरी एवं विवेचना किट लेकर ग्राम सुखीपाली पहुंची। गांव के पहले पुलिस को मोहन चतुर्वेदी पिता रायसिंह चतुर्वेदी उम्र 38 वर्ष एवं विजय कन्दोई पिता समारू कन्दोई उम्र 42 वर्ष, दोनों निवासी सुखीपाली मिले। पुलिस ने दोनों को मुखबिर सूचना से अवगत कराया। गवाह बनने की सहमति देने पर उन्हें धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया। दोनों गवाहों की उपस्थिति में मुखबिर पंचनामा तैयार कर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची।
पुलिस ने ग्राम सुखीपाली के रुगड़ीडीपा स्थित आरोपी नंदलाल पटेल के घर की बाड़ी में रेड कार्रवाई की। मौके पर मौजूद व्यक्ति से नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम नंदलाल पटेल पिता जगूराम पटेल उम्र 53 वर्ष निवासी सुखीपाली थाना पिथौरा जिला महासमुंद बताया। मुखबिर की सूचना से अवगत कराने पर आरोपी ने अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब रखना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने स्थान एवं स्वयं की तलाशी के लिए नियमानुसार नोटिस देकर हमराह स्टाफ और गवाहों की तलाशी ली तथा तलाशी पंचनामा तैयार किया। आरोपी के स्थान की तलाशी लेने पर एक पीले रंग की 5 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकिन में भरी 4.5 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को शराब रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया। आरोपी ने अपने जवाब में कोई वैध दस्तावेज नहीं होना बताया। इसके बाद गवाहों के समक्ष जप्ती पत्रक के अनुसार 900 रुपये कीमत की 4.5 लीटर महुआ शराब जब्त कर पुलिस कब्जे में ली गई। जब्त शराब को सीलबंद कर सीलबंद पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे अपराध से अवगत कराया गया। गिरफ्तारी पूर्व सूचना तैयार कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने एवं सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
आरोपी नंदलाल पटेल का कृत्य धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत पाए जाने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया तथा मौके पर ही बिना नंबर की देहाती नालसी कायम कर विवेचना में लिया। बाद में थाना पिथौरा में असल अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने बताया कि मौके पर उपस्थित गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए तथा संपूर्ण कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में संपन्न की गई। कार्रवाई की ई-साक्ष्य पोर्टल पर वीडियोग्राफी भी की गई।




