छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदला है. रात से ही प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों पर बदली छाई हुई है और तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश भी हुई है. भीषण गर्मी के बीच अचानक बदले मौसम से आम लोगों को आज थोड़ी राहत मिली है. वहीं मौसम विभाग (Meteorological Department) ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग का संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, तत्पश्चात अगले 03 दिनों में कई स्थानों पर 03-05 डिग्री की गिरावट संभावित है. 7 अप्रैल से दो तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ प्रदेश में मेघगर्जन के साथ वज्रपात, वर्षा और तेज हवा (अंधड़) चलने की तथा मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी के बीच राहत देने वाली खबर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके मुताबिक ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कल 9 अप्रैल को भी कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनंदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली में झमाझम बारिश और महासमुंद जिले में धूल भरी आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है।



