थाना तेंदूकोना चौकी बुंदेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई – अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
बुंदेली, जिला महासमुंद (छ.ग.) दिनांक 28 जुलाई 2025 को थाना तेंदूकोना अंतर्गत चौकी बुंदेली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शराब जब्त की है।
चौकी में पदस्थ आरक्षक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक मानसिंह के नेतृत्व में आरक्षक मोतीराम दीवान के साथ अम्बेडकर चौक, बुंदेली क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बजरंग चौक बुंदेली में एक व्यक्ति शराब पीने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए पंचगवाहों – हेमंत ठाकुर और पुरुषोत्तम ठाकुर – के साथ टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देख शराब पी रहे लोग भाग निकले, परंतु मौके पर एक व्यक्ति पकड़ा गया, जिसकी पहचान किशन ठाकुर पिता सुखसाय ठाकुर (उम्र 50 वर्ष), निवासी गोंडपारा बुंदेली के रूप में हुई।
जब्त सामग्री आरोपी के पास से 01 नग देशी प्लेन शराब की शीशी (180 एमएल वाली), जिसमें 80 एमएल शराब शेष थी, कीमत ₹35, बरामद की गई। आरोपी शराब रखने एवं बेचने के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
कानूनी कार्रवाई आरोपी के विरुद्ध थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 0/2025, धारा 36(C) छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को मौके पर ही मुचलका पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने मौके से देहाती नालसी तैयार कर चौकी वापस आकर विधिवत पंजीबद्ध किया।
यह कार्रवाई उप निरीक्षक मानसिंह एवं उनकी टीम की सजगता व सतर्कता का परिणाम है, जिससे अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है।



