महासमुंद /झिलमिला में नाबालिग पर हमला, डंडे से मारपीट कर घायल करने का आरोप
महासमुंद। थाना क्षेत्र अंतर्गत झिलमिला के डोंगरीपारा मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक नाबालिग किशोर पर डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी शिवा निवासी डोंगरीपारा झिलमिला के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता रोजी-मजदूरी का कार्य करती है। उसने बताया कि 3 फरवरी 2026 की सुबह जब वह काम पर जाने के लिए घर से निकल रही थी, तभी उसका नाबालिक बेटा पास आया और बताया कि वह अपने दोस्तों रणवीर साहू व गुलशन डडसेना के साथ ईवास स्कूल के सामने बने यात्री प्रतीक्षालय के पास खड़ा था। इसी दौरान लगभग 10:30 बजे आरोपी शिवा वहां पहुंचा, गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से बाएं हाथ, सिर और गर्दन के पीछे वार किया, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना को रणवीर साहू, गुलशन डडसेना तथा मामा लक्ष्मीप्रसाद दास मानिकपुरी ने प्रत्यक्ष रूप से देखना बताया है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS एवं 351(2)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



