महासमुंद/ तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से पैदल राहगीर की मौत, बस स्टैंड ओंकारबंद में हुआ हादसा
महासमुंद। थाना खल्लारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओंकारबंद बस स्टैंड के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरी करने वाले व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो ग्राम ओंकारबंद के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अशोक विश्वकर्मा 03 फरवरी 2026 को भोजन करने के बाद घर से बस स्टैंड ओंकारबंद की ओर दुकान जाने निकले थे। करीब दोपहर 12 बजे जब वे NH-353 पर बस स्टैंड के पास पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी हाड़ाबंद की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 GT 5630 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में अशोक विश्वकर्मा के दाहिने हाथ और सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के पुत्र द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



