सरायपाली/बसना टेंट कार्य के भुगतान विवाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी धाराओं में अपराध दर्ज करने की मांग
सरायपाली/बसना। टेंट एवं केटरिंग कार्य से जुड़े भुगतान विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित टेंट एवं केटरिंग का कार्य करता है। दिनांक 01/02/2026 को अभय सिंह (निवासी ग्रीन अर्थ सिटी, थाना सांकरा, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग) द्वारा बुढ़ादेव नगर सरायपाली में टेंट, लाइट व फ्लावर डेकोरेशन का काम दिया गया। कुल राशि 5,50,000 रुपये तय हुई, जिसमें 2,00,000 रुपये एडवांस दिए गए।
काम पूर्ण होने के बाद दिनांक 05/02/2026 को पीड़ित रायपुर जा रहा था। बसना के पास पहुंचने पर अभय सिंह का फोन आया और सरायपाली बुलाया गया। सरायपाली पहुंचने पर देखा कि पीड़ित के पुत्र शशांक पटले के साथ अभय सिंह एवं पुरुषोत्तम साहू विवाद कर रहे थे।
आरोप है कि काम सही नहीं होने का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। इसी दौरान ज्ञानेन्द्र प्रसाद मिश्रा डंडा लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला किया। हमले में पीड़ित के सिर, बाएं हाथ की कोहनी और बाईं पीठ में चोटें आईं।
घटना को पीड़ित का पुत्र शशांक पटले, वर्कर देवकुमार पटोटी एवं विजय कुमार यादव ने देखा-सुना और बीच-बचाव किया।
पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 117(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।



