महासमुंद/तारिणी मंदिर तिराहे पर चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
महासमुंद।शहर के नयापारा स्थित तारिणी मंदिर जाने वाले तिराहे पर चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में पदस्थ प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह ठाकुर अपने स्टाफ के साथ 6 मार्च 2026 को जुर्म-जरायम पतासाजी और टाउन पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान गुलशन चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि तारिणी मंदिर जाने वाले तिराहे, नयापारा में एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों संतोष पटेल और आशीष साहू को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद ईलियास खान (28 वर्ष) पिता मोहम्मद इकबाल खान निवासी वार्ड नंबर 7 गोकुल नगर सिमरन सिटी रायपुर थाना टिकरापारा, हाल निवासी वार्ड नंबर 4 संजय नगर नयापारा महासमुंद बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से लगभग 12 इंच लंबा लोहे का चाकू बरामद किया गया, जिसकी मुठ 4 इंच और फल 8 इंच पाया गया। पुलिस ने आरोपी से चाकू रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने चाकू को जब्त कर आरोपी को 6 मार्च को 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



