बागबाहरा/दारगांव तालाब किनारे शराब पिलाने की सुविधा देने वाला युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
बागबाहरा थाना पुलिस ने अवैध रूप से लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बागबाहरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अपने हमराह स्टाफ आरक्षक योगेन्द्र बंजारे के साथ 8 मार्च 2026 को शासकीय वाहन से टाउन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और जुर्म-जरायम की पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दारगांव तालाब के किनारे एक व्यक्ति लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा दे रहा है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां शराब पी रहे कुछ लोग मौके से भाग गए, जबकि एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण कुमार यादव (35 वर्ष) निवासी ग्राम दारगांव, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद बताया। आरोपी के पास से तीन पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक में 40-40 मिली) तथा पांच प्लास्टिक डिस्पोजल गिलास बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 36 (C) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। मामला जमानती होने के कारण आरोपी को सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।



