महासमुन्द/प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से सुबलाया चौहान को मिला पोषण और सुरक्षित मातृत्व का लाभ
महासमुन्द/ प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य और पोषण मिलने पर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित हो रहा है। इसी क्रम में जिले के विकासखंड सरायपाली अंतर्गत केन्द्र छिंदपाली-बी, ग्राम रूढ़ा की निवासी श्रीमती सुबलाया चौहान को योजना का लाभ मिलने पर सुरक्षित प्रसव और स्वस्थ शिशु का जन्म संभव हुआ। सुबलाया चौहान बताती है कि गर्भवती होने के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए जब आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंची। टीकाकरण दिवस पर हुई प्रथम जांच में पाया गया कि उनके शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा बहुत कम थी और वे एनीमिया से पीड़ित थीं।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उषा भोई द्वारा गृह भेंट के दौरान उन्हें एवं उनके परिवारजनों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी दी गई और इस योजना से मिलने वाले लाभों के बारे में बताया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उनका आवेदन फार्म तैयार कर ऑनलाइन प्रविष्टि की। इसके पश्चात लगभग एक माह के भीतर ही योजना की पहली किस्त के रूप में 3000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई।
सुबलाया चौहान बताती है कि प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने अपने और गर्भस्थ शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण पेटी तैयार करने में किया तथा नियमित रूप से पौष्टिक आहार का सेवन करना शुरू किया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में समय-समय पर एएनसी जांच कराई गई और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की गईं। वे बताती है कि नियमित देखभाल और पोषण के कारण गर्भावस्था के अंतिम चरण में उनकी हीमोग्लोबिन मात्रा 8 ग्राम से बढ़कर 11 ग्राम हो गई। इसके बाद उन्होंने सुरक्षित प्रसव के दौरान 3.5 किलोग्राम वजन के स्वस्थ बालक को जन्म दिया। श्रीमती सुबलाया चौहान एवं उनके परिवारजनों ने इस सहयोग के लिए शासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।



