महासमुंद/ उल्लास नवभारत साक्षरता केन्द्र लोहारडीह का दिल्ली टीम ने किया निरीक्षण
महासमुंद/ उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित उल्लास (सामाजिक चेतना) केन्द्र लोहारडीह का आज दिल्ली से आई निरीक्षण टीम द्वारा जमीनी स्तर पर अवलोकन किया गया। निरीक्षण दल में प्रोफेसर डॉ. अजीत कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय, मोना लिसा कंसनटेन्सी एनसीईआरटी नई दिल्ली, श्री राज एसपीए एनसीईआरटी नई दिल्ली तथा श्री डेकेश्वर वर्मा, सहायक प्राध्यापक एससीईआरटी रायपुर शामिल थे। टीम ने केन्द्र में संचालित गतिविधियों, शिक्षण-अधिगम व्यवस्था तथा शिक्षार्थियों की प्रगति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने केन्द्र की वर्तमान स्थिति, शिक्षार्थियों को प्रदान किए जा रहे अकादमिक सहयोग, शिक्षण-अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग, स्वयंसेवी शिक्षकों की भूमिका तथा कार्यक्रम में डिजिटल साधनों के उपयोग का अवलोकन किया। साथ ही केन्द्र के संचालन में स्थानीय समुदाय की सहभागिता और जनभागीदारी की भी जानकारी ली गई।
टीम ने केन्द्र में उपस्थित शिक्षार्थियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों से संवाद करते हुए कार्यक्रम के क्रियान्वयन से जुड़े अनुभवों को जाना। इस अवसर पर बताया गया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उल्लास केन्द्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव प्राप्त करना है। निरीक्षण के दौरान टीम ने केन्द्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए साक्षरता अभियान को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर डीपीईओ साक्षर भारत कमल किशोर चन्द्राकर, सरपंच सावित्री पटेल, पूर्व सरपंच शंकुतला साहू, जिला नोडल अधिकारी संपा बोस, एबीईओ तारिका कुंजाम, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, सीएसी गणेश टंडन, खेमिन साहू नोडल अंगना म शिक्षा, बलराम नेताम टीएल एम एक्सपर्ट, प्रधान पाठक कुलदीप वर्मा, रोमन चन्द्राकर, तरूण कहार, डोमन साहू, सोमेश्वर पटेल, नीलिमा गुप्ता, दुर्गा साहू, मंदाकिनी साहू, प्रभा सूर्यवंशी सहित साक्षर एवं नवसाक्षर शिक्षार्थी उपस्थित थे।



