पिथौरा और सांकरा थाना क्षेत्र की लूट का खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा , दो आरोपी अभी फरार
महासमुंद।महासमुंद पुलिस ने थाना पिथौरा एवं थाना सांकरा क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने हुए कपड़े भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की दरम्यानी रात ग्राम टेका स्थित HP TEKA फ्यूल्स पेट्रोल पंप में प्रार्थी हेमंत साहू (25 वर्ष), निवासी डुमरपाली थाना पिथौरा से तीन अज्ञात युवक पल्सर बाइक में आए और उसके पास रखी लगभग 36,500 रुपये नकद तथा एक रेडमी कंपनी का पुराना मोबाइल (कीमत लगभग 5,000 रुपये) लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पिथौरा में 9 मार्च को अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी तरह थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहरीनहडोंगेरी में भी तीन अज्ञात आरोपियों द्वारा सिलेश्वर सहिस से 500 रुपये नकद और दो पुराने मोबाइल (कीमत लगभग 18,000 रुपये) लूटने की घटना सामने आई, जिस पर थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 49/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर अलग-अलग टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा (19 वर्ष) निवासी संजय नगर सरायपाली को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। इस पूरी कार्रवाई में महासमुंद पुलिस की थाना पिथौरा पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।



