भटगांव/रामपुर | 2 मई 2026/ ग्राम रामपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेरोजगार युवक ने शराब के नशे में धुत होकर अपने ही वृद्ध माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग पिता के सिर और माँ के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पैसे न देने पर डंडे और पीढ़हा से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी जो भटगांव में निजी नौकरी करते हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा भाई डिग्रीलाल कोसरिया कोई काम नहीं करता और अक्सर घर में विवाद करता है। कल रात (1 मई) करीब 8:00 बजे आरोपी शराब पीकर घर पहुँचा और माता-पिता से पैसों की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने पर उसने पिता जगदीश कोसरिया और माता गणेशी बाई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए पास रखे डंडे और लकड़ी के पाटा (पीढ़हा) से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में पिता जगदीश के सिर पर गहरी चोट आई है, वहीं माता गणेशी बाई के सिर, दोनों हाथों और दाहिने पैर में चोटें आने से वे खून से लथपथ हो गईं।
ग्रामीणों ने किया बीच-बचाव
चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले त्रिलोचन कोसरिया, तेजराम कोसरिया और आनंद कोसरिया ने मौके पर पहुँचकर बीच-बचाव किया, जिससे बुजुर्गों की जान बच सकी।
पुलिस कार्यवाही की मांग
पीड़ित बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी भाई के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और उन्होंने बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की है।



