महासमुंद। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात शहर के मध्य पदमपुर मार्ग पर स्थित एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। सूचना पाते ही तत्काल नगर पालिका, पुलिस, विद्युत विभाग एवं आसपास के लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। जिससे एक गंभीर हादसा टल गया। हालांकि दुकान के संचालक को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
मिली जानकारी अनुसार पदमपुर मार्ग पर मस्जिद के सामने स्थित एमएस कलेक्शन में बीती रात अचानक आग लग गई। पड़ोस में रहने वाले उनके परिवार से ही कुछ लोग किसी कार्य से दूसरे शहर गए हुए थे, जो रात्रि लगभग 1.30 बजे वापस लौटे। उन्होंने एमएस कलेक्शन के ऊपर से धुआं उठता देखा और तुरंत घर के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। साथ ही तत्काल मुख्य नगर पालिका दिनेश यादव को फोन परे संपर्क कर उन्हें आग लगने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा पुलिस व विद्युत विभाग को भी इसकी सूचना दी गई। आनन.फानन में सभी अपने दल-बल के साथ वहां पहुंच गए।
विद्युत विभाग ने तत्काल उस क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद की और नगर पालिका से फायर ब्रिगेड भी लगभग 15 मिनट में ही घटना स्थल पर पहुंच गया। आसपास के लोग भी तुरंत हरकत में आये और आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ। नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चन्द्र कुमार पटेल, मूलचंद मेडिकल के संचालक सुनील अग्रवाल, भाजपा नेता भूपेश सलूजा सहित थाना प्रभारी नितेश सिंह ठाकुर स्वयं अपनी टीम के साथ एवं विद्युत विभाग से श्री सिदार व उनकी टीम भी वहां उपस्थित थे।
फ ायर ब्रिगेड की टीम व अन्य सभी के सहयोग से जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद एमएस कलेक्शन के संचालक मजहर खान ने सभी अधिकारियों, परिजनों, सहयोग करने के लिए पड़ोसियों और उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया है।
विद्युत विभाग से डीई टेकेन्द्र पटेल ने विशेष रूप से व्यवासियों से अपील की कि सभी दुकानदार रात्रि में घर जाते समय केवल सीसी टीवी कैमरे को ही ऑन रखें और बाकी सभी उपकरणों को पूरी तरह बंद रखें। वर्तमान में अत्यधिक गर्मी के कारण कहीं-कहीं वायर भी जल रहे हैं और शॉर्ट सर्किट होने का खतरा बढ़ गया है।
प्रदेश संयोजक नगरीय निकाय प्रकोष्ठ श्री पटेल ने भी दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि सभी व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों में अग्नि शमन यंत्र रखें और समय.समय पर उस यंत्र की स्थिति का भी अवलोकन करते रहें, ताकि आपात स्थिति में आगजनी होने पर तत्काल ही उसका उपयोग किया जा सके। सीएमओ श्री यादव ने कहा कि गर्मी समय को देखते हुए फायर ब्रिगेड में हमेशा पानी भरकर रखा जा रहा है, ताकि कहीं भी आवश्कता होने पर वाहन को तत्काल भेजा जा सके।



