खैरागढ़। जंगलपुर से आमदनी तक निर्माणाधीन सड़क कार्य अब विवादों में घिर गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में लगी एजेंसी द्वारा जंगलपुर स्थित सरकारी तालाब से मशीनों के जरिए अवैध रूप से मिट्टी निकाली जा रही है और उसी मिट्टी का उपयोग सड़क निर्माण में किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित तालाब में मनरेगा के तहत कार्य स्वीकृत है तथा मौके पर योजना संबंधी बोर्ड भी लगा हुआ है। इसके बावजूद तालाब की खुदाई कर उसकी संरचना को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की मनमानी खुलेआम चल रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। मामले में ग्राम पंचायत की सरपंच जीत कुमारी साहू ने कहा कि पंचायत द्वारा किसी भी प्रकार की अनुमति या एनओसी जारी नहीं की गई है। वहीं ठेकेदार देवराज सिंह ने दावा किया कि ग्रामीणों की सहमति से मिट्टी निकाली जा रही है। अब सवाल उठ रहा है कि सरकारी तालाब से मिट्टी उत्खनन आखिर किसके आदेश पर किया जा रहा है।



