रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बिजना की ग्रामीण महिलाएं शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और गांव के ही एक युवक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पीड़ित महिलाओं ने लिखित आवेदन सौंपकर बताया कि गांव निवासी राजनाथ चौहान ने उन्हें विभिन्न योजनाओं और आर्थिक लाभ का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक से लोन स्वीकृत करवाया।
महिलाओं के अनुसार, लोन स्वीकृत होने के बाद राजनाथ चौहान ने विश्वास में लेकर पूरी राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। उसने आश्वासन दिया था कि वह स्वयं लोन की मासिक किश्तों का भुगतान करेगा और महिलाओं को भी इसका लाभ मिलेगा। उसके भरोसे में आकर करीब एक दर्जन महिलाओं ने उसके कहने पर लोन प्रक्रिया पूरी कराई। पीड़ितों का आरोप है कि कुछ महीनों तक किश्त जमा करने के बाद राजनाथ चौहान ने अपनी गाड़ी और मकान बेच दिया तथा बिना किसी को जानकारी दिए फरार हो गया। इसके बाद संबंधित बैंक के कर्मचारी महिलाओं के घर पहुंचकर बकाया राशि की मांग कर रहे हैं।महिलाओं का कहना है कि उन्होंने लोन की रकम का उपयोग नहीं किया, फिर भी उनसे वसूली की जा रही है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। समस्या से त्रस्त ग्रामीण महिलाएं न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि शिकायत की जांच कर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।



