महासमुंद। सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 किलोग्राम गांजा, दो जुपीटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹11 लाख 15 हजार की संपत्ति जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹9 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को सिंघोड़ा थाना पुलिस टीम अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों की पतासाजी के लिए ग्राम मुरमुरी की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो जुपीटर स्कूटी में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने NH-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार OD15AG0972 नंबर की ग्रे स्काई रंग की जुपीटर को रोका। चालक ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार साहनी (31), निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। पूछताछ के दौरान उसने पीछे आ रही दूसरी जुपीटर CG04RB3286 में गांजा होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने दूसरी जुपीटर को भी रोककर चालक विशाल साह (23), निवासी चुरामन पट्टी नयाटोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चंपारण-बेतिया (बिहार) को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विशाल ने बताया कि वह दो दिन पहले गांजा लेने ओडिशा गया था और गांजा लेकर पंजाब जा रहा था।
तीन पैकेट में मिला 18 किलो गांजा पुलिस ने जुपीटर की तलाशी ली तो बीच में रखे सफेद प्लास्टिक थैले में दो पैकेट तथा डिक्की में एक पैकेट मिला। भूरे रंग के टेप से पैक किए गए तीनों पैकेटों का वजन करने पर प्रत्येक में करीब 6-6 किलोग्राम, कुल 18 किलोग्राम नमी युक्त गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजे की पहचान, तौल एवं सीलबंदी की कार्रवाई की। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
स्कूटी-मोबाइल समेत ₹11.15 लाख की संपत्ति जब्त,कार्रवाई में पुलिस ने विशाल साह के कब्जे से गांजे के साथ जुपीटर स्कूटी CG04RB3286 कीमत ₹1 लाख और सैमसंग मोबाइल कीमत ₹5 हजार जब्त किया। वहीं दीपक कुमार साहनी से गांजा परिवहन में पायलटिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही जुपीटर स्कूटी OD15AG0972 कीमत ₹1 लाख और विवो मोबाइल कीमत ₹10 हजार बरामद किया गया।
इस तरह पुलिस ने 18 किलो गांजा (₹9 लाख), दो जुपीटर स्कूटी (₹2 लाख) और दो मोबाइल (₹15 हजार) सहित कुल ₹11 लाख 15 हजार की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(B), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। कार्रवाई सउनि नीलाम्बर सिंह नेताम, थाना सिंघोड़ा के नेतृत्व में की गई।



