कारीडोंगर से 24 वर्षीय युवक लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
महासमुंद/भंवरपुर। चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम कारीडोंगर से 24 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां पता तलाश करने के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मामले में पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 97/2026 कायम कर जांच एवं तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कारीडोंगर निवासी छबीलाल साहू पिता रामलाल साहू (58 वर्ष) ने चौकी भंवरपुर में सूचना दी कि उनका पुत्र घनश्याम साहू पिता छबीलाल साहू (24 वर्ष) 1 अगस्त 2026 को करीब रात 2:30 बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों में उसकी तलाश की तथा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
लापता युवक की हुलिया ऊंचाई करीब 5 फीट 4 इंच, चेहरा गोल, रंग गोरा, सिर के बाल काले और शारीरिक बनावट सामान्य बताई गई है। घटना के समय वह लोवर-टीशर्ट पहने हुए था। पुलिस रिकॉर्ड में उसकी मानसिक स्थिति कमजोर तथा छत्तीसगढ़ी भाषा बोलने का उल्लेख है।
सूचनाकर्ता ने किसी व्यक्ति के खिलाफ अपहरण अथवा सदोष परिरोध का आरोप या संदेह व्यक्त नहीं किया है। हालांकि युवक का वर्तमान ठिकाना और सुरक्षा अज्ञात होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उक्त धारा की प्रयोज्यता विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्षियों के आधार पर तय होगी। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों, कंट्रोल रूम एवं डीसीबी शाखा महासमुंद को भी भेजी गई है।
पुलिस द्वारा लापता घनश्याम साहू की तलाश की जा रही है। उसके संबंध में किसी भी व्यक्ति को जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस चौकी/थाने को सूचना देने की अपील की गई है।



