सरायपाली/सड़क हादसे में पति-पत्नी घायल, कार चालक पर लापरवाही का आरोप
सरायपाली। ग्राम जलगढ़ निवासी एक महिला ने कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने की शिकायत थाना सरायपाली में दर्ज कराई है। हादसे में महिला और उसके पति को चोट आई है, जबकि उनका पुत्र सुरक्षित है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम जलगढ़ निवासी महिला 3 अक्टूबर 2026 को अपने पति टीकाराम ताण्डी और पुत्र लव ताण्डी के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GP 1130 से काम के सिलसिले में सरायपाली आई थी। मोटरसाइकिल उसके पति टीकाराम ताण्डी चला रहे थे। तीनों जब सरायपाली के भारती हॉस्पिटल के पास पहुंचे, तभी उनके आगे चल रही कार क्रमांक CG 06 GR 5705 के चालक ने अचानक बिना सिग्नल दिए लापरवाहीपूर्वक कार मोड़ दी।
अचानक कार मोड़ने के कारण पीछे से आ रही मोटरसाइकिल कार से टकरा गई। दुर्घटना में महिला के कमर में चोट आई, जबकि उसके पति टीकाराम ताण्डी के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी। वहीं उनके पुत्र लव ताण्डी को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
गंभीर रूप से घायल टीकाराम ताण्डी को उपचार के लिए रामअवतार हॉस्पिटल, सरायपाली में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उपचार में व्यस्त होने के कारण महिला ने 5 अक्टूबर 2026 को थाना सरायपाली पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला ने पुलिस से कार क्रमांक CG 06 GR 5705 के चालक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। रिपोर्ट को उसके दामाद हेमंत दास ने पढ़कर सुनाया, जिसे महिला ने अपने बताए अनुसार सही होना बताया।



