
बसना: बिजली विभाग के कनिष्ठ यंत्री से मारपीट, कार में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
फोकटपारा तालाब के पास की घटना, लोहे की धारदार वस्तु से हमला करने का आरोप
बसना : के साई बिहार कॉलोनी निवासी एवं सीएसपीडीसीएल भंवरपुर में कनिष्ठ यंत्री के पद पर पदस्थ एक व्यक्ति ने ओमी ढाभरा एवं उसके एक अन्य साथी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा कार में तोड़फोड़ करने की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, प्रार्थी वार्ड नंबर 11, साई बिहार कॉलोनी, बसना में निवासरत है तथा वर्तमान में सीएसपीडीसीएल भंवरपुर में कनिष्ठ यंत्री के पद पर पदस्थ है। दिनांक 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी हरीश पटेल के साथ कार क्रमांक CG 06 GU 7992 से जा रहा था। इसी दौरान उसकी कार फोकटपारा तालाब के पास अचानक खराब होकर बंद हो गई। इसके बाद वह कार को चालू करने का प्रयास कर रहा था।
इसी समय ओमी ढाभरा अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचा और कार सड़क पर खड़ी करने की बात को लेकर प्रार्थी के साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करने लगा। प्रार्थी ने उन्हें बताया कि कार खराब हो गई है और चालू नहीं हो रही है, लेकिन आरोप है कि दोनों ने उसकी बातों को अनदेखा करते हुए गाली-गलौज जारी रखी।
प्रार्थी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी कार के आगे और पीछे के कांच पर पत्थर मारकर तोड़ दिए। इसके बाद ओमी ढाभरा ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा अपने पास रखी लोहे की किसी धारदार वस्तु से प्रार्थी की कमर के पीछे वाले हिस्से पर वार कर दिया। इससे उसे चोट आई और खून बहने लगा।
घटना के दौरान प्रार्थी का साथी हरीश पटेल मौके पर मौजूद था, जिसने पूरी घटना को देखा और सुना। प्रार्थी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता के कथन के आधार पर तैयार किया गया है। पुलिस की कार्रवाई एवं मामले में दर्ज धाराओं की जानकारी उपलब्ध होने पर उसे भी शामिल किया जा सकता है।




