महासमुंद/जन आरोग्य समिति व पंचायत प्रतिनिधियों का दो दिवसीय स्वास्थ्य प्रशिक्षण सम्पन्न

महासमुंद/जन आरोग्य समिति व पंचायत प्रतिनिधियों का दो दिवसीय स्वास्थ्य प्रशिक्षण सम्पन्न

महासमुंद/ ग्राम पंचायत अचानकपुर में जन आरोग्य समिति के सदस्यों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के लिए दो दिवसीय स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुँचाना है।

प्रशिक्षण के पहले दिन ग्राम के आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़ी जन आरोग्य समिति के सदस्यों को स्वास्थ्य शिक्षा, प्रचार-प्रसार एवं शासन द्वारा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को आयुष्मान भारत योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, रोकथाम एवं समय पर उपचार के महत्व पर प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दूसरे दिन पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ पंचायत को स्वस्थ पंचायत के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मातृ मृत्यु, शिशु मृत्यु, कुपोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम की व्यवस्था में ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच श्री ऋषि चौधरी एवं सचिव श्री रामकुमार नायक का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण में पीएचसी सिरपुर प्रभारी वीरेंद्र कुमार नायक सहित सीएचसी रायतुम, जलकी, अचानकपुर क्षेत्र की जन आरोग्य समिति द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई। दूसरे दिन के प्रशिक्षण में जलकी सरपंच श्रीमती सरिता दीवान, छपोराडीह सरपंच श्रीमती सोनिया रमन, बंदोरा सरपंच श्री हीरालाल निषाद, उपसरपंच श्री भानु प्रताप पटेल, उपसरपंच जलकी श्री गोल्डी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहयोग किया। प्रशिक्षण में जिला समन्वयक जागृति बरेठा, प्रशिक्षक देवकी साहू, चारू दीवान एवं एसपीएस हेमवती द्वारा विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।

महासमुंद/जिले के 455 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण सुचारू से जारी

महासमुंद/जिले के 455 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण सुचारू से जारी

महासमुंद/ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के वर्तमान स्थिति के संबंध में खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव ने बताया कि जिला महासमुंद में कुल 593 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मिलाकर 455 दुकानों (लगभग 76 प्रतिशत) में राशन वितरण का कार्य सुचारू रूप से जारी है।

उन्होंने बताया कि जिन दुकानों में वितरण प्रारंभ हो चुका है, वहां फरवरी एवं मार्च 2026 माह का खाद्यान्न पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड में ई-पॉस मशीन के माध्यम से प्रदर्शित हो रहा है। 18 फरवरी 2026 की स्थिति में जिले के 99,908 राशनकार्डों में से लगभग 28.29 प्रतिशत हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। इसी तरह जिले की 593 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में से 468 दुकानों (लगभग 78 प्रतिशत) में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खाद्यान्न का भंडारण किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में जिले में 12 ऑफलाइन उचित मूल्य दुकानें संचालित थीं। सर्विस प्रोवाइडर एवं कोऑर्डिनेटर द्वारा नेटवर्क परीक्षण के उपरांत विकासखंड पिथौरा की एक दुकान में नेटवर्क सुविधा उपलब्ध होने पर उसे ऑनलाइन कर दिया गया है। वर्तमान में जिले में कुल 11 दुकानें ऑफलाइन संचालित हैं, जहां नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। इन दुकानों के माध्यम से हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शासन द्वारा ई-पॉस मशीन में ऑफलाइन डाटा एंट्री की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विक्रेताओं द्वारा समय-समय पर इस डाटा को अपडेट किया जाता है, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो।

महासमुंद/नीति आयोग की महानिदेशक श्रीमती छिब्बर ने ली आकांक्षी विकासखण्ड एवं संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक

महासमुंद/नीति आयोग की महानिदेशक श्रीमती छिब्बर ने ली आकांक्षी विकासखण्ड एवं संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक

महासमुंद/ महानिदेशक नीति आयोग, नई दिल्ली एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निधि छिब्बर आज आकांक्षी विकासखंड पिथौरा के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने आकांक्षी विकासखंड पिथौरा में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विभागीय समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने पिथौरा विकासखंड अंतर्गत संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रमों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता तथा आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।

श्रीमती छिब्बर ने कहा कि हमें केवल संकेतांको के लक्ष्य को पूर्ण करने में ही ध्यान देने के बजाय उनसे आगे की सोच और एक निरंतर चलने वाली गतिविधि के रूप में अपनाना होगा। उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और निरंतरता को बनाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। श्रीमती छिब्बर ने कहा कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए निरंतर समीक्षा होनी चाहिए। जिले में दूध उत्पादन और डेयरी उद्योग में बहुत संभावनाएं हैं। पशुपालन विभाग को इस पर कार्य करने के निर्देश दिए। इसी तरह बैठक के दौरान श्रीमती छिब्बर ने कहा कि महिलाओं को आजीविका संबंधी गतिविधि के लिए पर्याप्त स्थान देने के लिए तथा बैंक लिंकेज से जोड़े। इसके अलावा सतत विकास लक्ष्य के संकेतांको को भी ध्यान रखते हुए कार्य किए जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, नीति आयोग के अपर सचिव श्री सतीश गोस्वामी, संबंधित विभाग के अधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं की अद्यतन प्रगति, उपलब्धियों की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि जिले में सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक की स्थिति के अनुसार अधिकांश लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया गया है तथा निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिसमें जन्म के समय जीवित शिशुओं के वजन मापन का प्रतिशत 100 प्रतिशत दर्ज किया गया है। कुल 12,318 नवजात शिशुओं का वजन मापा गया है। फरवरी, मार्च एवं अप्रैल 2026 तक भी इस लक्ष्य को 100 बनाए रखने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह क्षय रोग के मामलों की अधिसूचना दर 81 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में 1,200 अनुमानित मामलों में से 973 मामलों की पहचान हो चुकी है। आने वाले महीनों में शत-प्रतिशत अधिसूचना का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के आयोजन में भी निरंतर प्रगति हुई है। दिसंबर 2025 तक 96.09 प्रतिशत आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजन हुआ, जिसे अप्रैल 2026 तक 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। वर्तमान में 1,793 आंगनवाड़ी केन्द्रों में से 1,723 केंद्रों में यह गतिविधि संचालित हो चुकी है। वहीं जिले के सभी 1,956 विद्यालयों में बालिकाओं के लिए क्रियाशील शौचालय उपलब्ध हैं। इस सूचकांक में जिले ने पहले ही 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। वहीं पशुपालन क्षेत्र में भी जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। वर्तमान में 99.61 प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण हो चुका है। कुल 1,91,341 पशुओं में से 1,90,606 का टीकाकरण किया जा चुका है। अप्रैल 2026 तक इसे 100 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

साथ ही जिले के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम अंतर्गत पिथौरा विकासखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक विभिन्न प्रमुख सूचकांकों पर शत प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। आकांक्षी विकासखण्ड पिथौरा में 31 दिसंबर 2025 तक आईसीडीएस योजना के तहत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित अनुपूरक पोषण देने में 86.77 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में 13,107 बच्चों को 21 दिनों से अधिक समय तक पोषण आहार दिया गया, कुल पात्र बच्चों की संख्या 16,800 है। मार्च 2026 तक इसे 95 प्रतिशत और अप्रैल 2026 तक 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की माप-तौल (वजन व ऊंचाई) की दक्षता 99.86 प्रतिशत रहा है। कुल 13,810 पंजीकृत बच्चों में से लगभग सभी का नियमित मापन किया गया है। आगामी महीनों में इसे पूर्ण 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह ब्लॉक के 358 संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में से 356 में शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, जो कि 98.44 प्रतिशत है। वहीं, 349 केंद्रों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिसे शीघ्र ही सभी केंद्रों तक विस्तारित किया जा रहा है। क्षेत्र के 493 स्कूलों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। प्रत्येक 40 छात्राओं पर एक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं पशुधन स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पिथौरा ब्लॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण अभियान के तहत लक्षित 41,250 गोवंश पशुओं में से 41,324 पशुओं का टीकाकरण कर 100 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य प्राप्त किया गया है।

प्रभारी सचिव श्रीमती छिब्बर ने आंगनवाड़ी एवं विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निधि छिब्बर ने विभागीय समीक्षा बैठक के पश्चात आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लहरौद आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण स्तर, नियमित उपस्थिति, टीकाकरण की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं रजिस्टर संधारण की समीक्षा की। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं को प्रदाय की जा रही पोषण सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की।

नवीन प्राथमिक विद्यालय लहरौद का निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया, शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली तथा शिक्षण कार्य की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना, छात्र उपस्थिति, पाठ्य सामग्री की उपलब्धता, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके अलावा गोड़बहाल में महिला समूहों द्वारा संचालित दुग्ध व्यवसाय एवं उनके द्वारा की जा रही गतिविधियों का अवलोकन किया तथा महिला समूहों से चर्चा कर आजीविका को बढ़ाने और मार्केटिंग की समुचित व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का पोषण एवं शिक्षा जिले की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, एसडीएम श्री बजरंग वर्मा, जनपद सीईओ, विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बसना : अग्रवाल नर्सिंग होम में 20 फरवरी को लगेगा विशेष यूरोलॉजी कैंप, किडनी-प्रोस्टेट रोगियों को मिलेगा परामर्श व उपचार 

बसना : अग्रवाल नर्सिंग होम में 20 फरवरी को लगेगा विशेष यूरोलॉजी कैंप, किडनी-प्रोस्टेट रोगियों को मिलेगा परामर्श व उपचार

बसना (महासमुंद)। शहर के अग्रवाल नर्सिंग होम में शुक्रवार 20 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से विशेष यूरोलॉजी कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में मूत्र रोग, किडनी एवं प्रोस्टेट से जुड़ी बीमारियों की जांच, परामर्श तथा आवश्यक ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कैंप में प्रसिद्ध यूरो सर्जन डॉ. तुषार दानी मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी सलाह देंगे। आयोजकों के अनुसार किडनी की पथरी, प्रोस्टेट की समस्या, पेशाब में रुकावट, खून आना, संक्रमण, पुरुषों में बांझपन, मूत्र नली की संकुचन जैसी बीमारियों का उपचार किया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि पथरी की सटीक जांच के लिए सीटी स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। किडनी, प्रोस्टेट एवं पथरी से जुड़े ऑपरेशन भी किए जाएंगे। जांच शुल्क मात्र 700 रुपये रखा गया है। ऑपरेशन के इच्छुक मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट के साथ 19 फरवरी तक भर्ती होने की सलाह दी गई है तथा अग्रिम पंजीयन अनिवार्य बताया गया है।

इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा भी ICU बैकअप के साथ उपलब्ध रहेगी। अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र के मरीजों से इस विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 84618-11000, 77708-68473 और 77730-86100 पर संपर्क करें।

छत्तीसगढ़ : एशिया के नियाग्रा चित्रकोट में बिखरेगी बस्तर की सांस्कृतिक छटा: 18 फरवरी से चित्रकोट महोत्सव-2026 का होगा भव्य आयोजन

छत्तीसगढ़ : एशिया के नियाग्रा चित्रकोट में बिखरेगी बस्तर की सांस्कृतिक छटा: 18 फरवरी से चित्रकोट महोत्सव-2026 का होगा भव्य आयोजन

छत्तीसगढ़ विश्व प्रसिद्ध और एशिया के नियाग्रा के नाम से विख्यात चित्रकोट जलप्रपात के तट पर आगामी 18 फरवरी से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। राज्य शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से आयोजित इस भव्य महोत्सव का उद्घाटन 18 फरवरी को संध्या 4 बजे चित्रकोट जलप्रपात ग्राउंड में होगा। यह आयोजन बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर चमकाने का सुनहरा अवसर साबित होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंत्री श्री केदार कश्यप रहेंगे, जबकि अध्यक्षता बस्तर के सांसद श्री महेश कश्यप करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव और चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल शामिल होंगे। दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी, बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल, जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी शिरकत करेंगे। नगर निगम जगदलपुर के महापौर श्री संजय पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य बेवरेजेस कॉर्पाेरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत बस्तर के उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी, केंद्रीय मर्यादित बैंक बस्तर के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप तथा चित्रकोट के सरपंच श्री भंवर मौर्य भी इस गरिमामयी समारोह में उपस्थित रहेंगे।

संस्कृति, कला और खेल का अनोखा संगम

महोत्सव बस्तर की लोक संस्कृति को जीवंत रूप से प्रदर्शित करेगा। स्थानीय लोक कलाकारों की मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुतियां, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं इसकी मुख्य आकर्षण होंगी। चित्रकोट जलप्रपात के मनमोहक परिवेश में आयोजित यह उत्सव पर्यटकों को बस्तर की जनजातीय परंपराओं, नृत्य-गीत और हस्तशिल्प से रूबरू कराएगा, जिससे छत्तीसगढ़ का पर्यटन मानचित्र और मजबूत बनेगा। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों कोे इस सांस्कृतिक उत्सव में सादर आमंत्रित किया है।

 

आज का राशिफल: कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार जानिए राशिफल

आज का राशिफल: कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार जानिए राशिफल

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कुसंगति व जल्दबाजी से बचें। विवेक से कार्य करें, लाभ होगा। कार्यक्षेत्र का विस्तार होगा। जीवनसाथी से आर्थिक मतभेद हो सकते हैं। खर्च की अधिकता से मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): कोर्ट व कचहरी के कार्यों में अनुकूलता रहेगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। लाभ होगा। आर्थिक साधनों में बढ़ोतरी होगी। सामाजिक कार्यों में सीमित रहना चाहिए। समय का सदुपयोग होगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। बेरोजगारी दूर होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें। प्रवास में सावधानी रखें। विरोधियों एवं शत्रुओं के कारण अशांति होगी। नवीन कार्ययोजना की बातचीत में सफलता मिलने के संयोग बनेंगे।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल होंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। विवाद न करें। व्यापार में स्वयं के निर्णय से काम कर पाएँगे। स्थायी संपत्ति क्रय करने में जल्दबाजी न करें। साहस, पराक्रम में वृद्धि होगी। अपनी वस्तुओं को संभालकर रखें।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): मेहनत अधिक होगी। बुरी खबर मिल सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। पुराना रोग उभर सकता है। व्यापार, नौकरी में स्थिति मध्यम रहेगी। बुद्धि, विवेक से कार्य करने पर विघ्न-बाधाएँ दूर हो सकेंगी। क्रोध एवं उत्तेजना पर संयम रखें।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): मेहनत का फल मिलेगा। कार्यसिद्धि होगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। व्यापार-व्यवसाय में गति आएगी। आर्थिक समस्याओं का निराकरण संभव है। व्यापार, कारोबार में नई जवाबदारी बढ़ेगी। धर्म में रुचि रहेगी।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): पुराने मित्र व संबंधी मिलेंगे। अच्‍छे समाचार मिलेंगे। विवाद से बचें। मान बढ़ेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। परिवार में शांति का अनुभव होगा। व्यापार-व्यवसाय में अनुकूल अवसर प्राप्त होंगे। कानूनी कार्रवाई, कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूर रहना चाहिए।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। भेंट व उपहार की प्राप्ति होगी। धनार्जन होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। प्रसिद्ध व्यक्ति से मेलजोल बढ़ेगा। मकान, वाहन के क्रय-विक्रय की चर्चा संभव है। संतान की प्रगति से मन प्रसन्न रहेगा। रुका पैसा प्राप्त होगा।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): अप्रत्याशित खर्च होंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। वस्तुएं संभालकर रखें। आर्थिक स्थिति से ऋण की समस्या उभरेगी। चापलूसों से सावधान रहें। लेन-देन में सावधानी रखें। अनिर्णय की परिस्थिति से दूर रहना चाहिए।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। बकाया वसूली होगी। आय में वृद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। भौतिक सुख-साधनों की प्राप्ति होगी। व्यापार में नई योजनाओं का श्रीगणेश संभव है। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कार्यस्थल पर सुधार होगा। नए अनुबंध हो सकते हैं। योजना फलीभूत होगी। धनार्जन होगा। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। समाज, परिवार में आपकी सलाह को महत्व मिलेगा। अध्ययन में रुचि बढ़ेगी। पारिवारिक जीवन में मतभेद खत्म होंगे।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): पूजा-पाठ में मन लगेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। राजकीय सहयोग मिलेगा। धनार्जन होगा। प्रमाद न करें। अपनी भावनाओं को संयमित रखकर कार्य करें। भागीदारी के कार्यों में आपके द्वारा लिए गए निर्णयों से लाभ होगा। नवीन मुलाकातों से लाभ होगा।

राशि फलादेश

 

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं श्रम विभाग अंतर्गत मालती साहनी को मिलेगा एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं श्रम विभाग अंतर्गत मालती साहनी को मिलेगा एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। जनचैपाल में आज कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।

जनचैपाल में ग्राम पीढ़ी निवासी श्रीमती मालती साहनी ने आर्थिक सहायता की मांग करते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपे। इस पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने श्रम विभाग को आवेदिका द्वारा किए गए आवेदन का त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। श्रम विभाग द्वारा जांच करने पर संबंधित आवेदिका का मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना अंतर्गत आवेदन प्राप्त हुआ है एवं आवेदन स्वीकृत भी किया जा चुका है। कलेक्टर श्री लंगेह के निर्देश पर 19 फरवरी को संबंधित आवेदिका के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से योजना की राशि एक लाख रुपए अंतरित की जाएगी।

इसी तरह जन चौपाल में ग्राम कनेकेरा के निवासियों ने पेयजल की समस्या हेतु, ग्राम सिंहरूपाली निवासी गोपाल दीवान ने सामुदायिक भवन के मजदूरी राशि के भुगतान के संबंध में, ग्राम मुंधा सरायपाली निवासी कलावती पटेल ने अधिभोग के अधीन वन भूमि का हक दिलाने हेतु, ग्राम गिधली निवासी मंथीर बारीक ने राशन कार्ड जारी करने, ग्राम जोबा निवासी चेतन लाल साहू ने श्रम पंजीयन कार्ड में संशोधन हेतु, ग्राम कोसरंगी निवासी किसलाल ने मुख्यमंत्री संजीवनी कोष से इलाज दिलाने हेतु आवेदन किए। इसके अलावा शौचालय निर्माण, फौती, सीमांकन, पीएम आवास, अवैध अतिक्रमण, लम्बित राशि भुगतान संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

महासमुंद जिला जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित, नलकूप खनन पर प्रतिबंध

महासमुंद जिला जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित, नलकूप खनन पर प्रतिबंध

महासमुंद/ आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा महासमुंद जिले को जलाभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया गया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ पेयजल परिरक्षण अधिनियमए 1986 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है। यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।

आदेश के अनुसार सक्षम अधिकारी की पूर्वानुमति के बिना जिले में पेयजल के अतिरिक्त किसी अन्य प्रयोजन के लिए नया नलकूप खनन प्रतिबंधित रहेगा। शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं नगरीय निकायों को पेयजल व्यवस्था हेतु अपने क्षेत्र में नलकूप खनन के लिए पूर्व अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी। लेकिन उन्हें निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

जन सुविधा को ध्यान में रखते हुए नलकूप खनन की अनुमति प्रदान करने हेतु अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी को महासमुंद शहर (नगर पालिका क्षेत्र) एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को संबंधित अनुविभाग के लिए प्राधिकृत किया गया है। ये अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय निकाय एवं तहसील से रिपोर्ट प्राप्त कर नियमानुसार अनुमति प्रदान करेंगे। साथ ही बोरवेल खनन एवं मरम्मत का कार्य केवल पंजीकृत एजेंसियों द्वारा ही किया जाएगा। अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

महासमुंद/ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न

महासमुंद/ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न

महासमुंद/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई नागेश्वर राव के निर्देशानुसार आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिले के सभी विकासखंड के कुष्ठ नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला नोडल अधिकारी कुष्ठ कार्यक्रम डॉ. वी. पी. सिंह द्वारा की गई। बैठक में जिले में कुष्ठ रोग नियंत्रण एवं उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डॉ. सिंह ने बताया कि नए मरीजों के लिए यूनिफॉर्म लाइन लिस्ट (यू.एल.पी.-4) प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरकर समय पर जमा किया जाए। साथ ही संपर्क रोगनिरोधक दवा कवरेज (पी.ई.पी.) को वर्तमान 82 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। शासन के निर्देशानुसार सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर को 10 कुष्ठ संभावित मरीज निकालने के लक्ष्य दिया गया। सभी उपचाररत मरीजो को फॉलो अप करते हुए सभी मरीजो को (यु एल एफ -04 फॉर्मेट ) डिसेबिलिटी एंड नर्व फंक्शन जांच अनिवार्य से करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मधुराज फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा कुष्ठ रोग से संबंधित देखभाल, व्यायाम तथा विकृति रोकथाम के विषय में लाइव डेमो के माध्यम से उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

डॉ. सिंह ने बताया कि कुष्ठ रोगियों को शासन द्वारा पोषण सहायता के रूप में 750 रुपए प्रति माह की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जा रही है। इस हेतु सभी मरीजों के बैंक खाते एवं आधार विवरण अद्यतन कर भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विकृति के मामलों में रोगियों को आवश्यक जानकारी, परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराने तथा समय पर उपचार एवं संदर्भ (रेफरल) सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एकेश्वर शुक्ला एवं बी एल साहू जिला सलाहकार द्वारा जिले की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान में महासमुंद जिले में कुल 511 प्रकरण, 19 बच्चे के प्रकरण, तथा ग्रेड-2 विकृति के 21 प्रकरण दर्ज हैं।

छत्तीसगढ़: किसान की हत्या, एसडीएम समेत 4 गिरफ्तार, आखिर क्या है पूरा मामला

छत्तीसगढ़: किसान की हत्या, एसडीएम समेत 4 गिरफ्तार, आखिर क्या है पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में किसान की हत्या, एसडीएम समेत 4 गिरफ्तार, आखिर क्या है पूरा मामला एसडीएम करुण डहरिया और उनके निजी सहयोगियों ने अवैध बॉक्साइट खनन का आरोप लगाते हुए तीन ग्रामीणों को पकड़ा था. आरोप है कि पूछताछ और कार्रवाई के नाम पर एसडीएम और उनके साथियों ने ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट की.

 

छग के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अवैध उत्खनन के आरोप में मारपीट कर एक ग्रामीण की हत्या हुई हैपुलिस ने कुसमी SDM करुण डहरिया सहित चार लोगों को नामजद हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया हैमृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच तेज़ कर दी है

बलरामपुर:
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. करोंधा थाना क्षेत्र के हंसपुर में अवैध उत्खनन के नाम पर ग्रामीणों के साथ बेरहमी से मारपीट और एक ग्रामीण की हत्या के आरोप में पुलिस ने कुसमी SDM करुण डहरिया सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. प्रशासन के एक बड़े अधिकारी पर हत्या का मुकदमा दर्ज होने से पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया है.

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीएम करुण डहरिया और उनके निजी सहयोगियों ने अवैध बॉक्साइट खनन का आरोप लगाते हुए तीन ग्रामीणों को पकड़ा था. आरोप है कि पूछताछ और कार्रवाई के नाम पर एसडीएम और उनके साथियों ने ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट की. इस बर्बरता के कारण एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई.

इस घटना को लेकर कुसमी इलाके में आज दिन भर भारी तनाव और बवाल का माहौल रहा. NDTV ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया. दोपहर तक पुलिस की टीम मृतक की शॉर्ट पीएम (Post-Mortem) रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी. दोपहर 3:30 बजे जैसे ही रिपोर्ट सामने आई, पुलिस ने एफआईआर (FIR) की प्रक्रिया शुरू की. करीब डेढ़ घंटे तक चली जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए.

नामजद आरोपी और कार्रवाई
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक (SP) वैभव बैंकर रमनलाल ने देर शाम प्रेस नोट जारी कर मामले की पुष्टि की. पुलिस ने कुल चार लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का अपराध दर्ज किया है. करुण डहरिया (SDM, कुसमी – मुख्य आरोपी), विक्की सिंह, मंजीत यादव और सुदीप यादव को अरेस्ट किया है.

एसपी का बयान: “कुसमी एसडीएम और उनके सहयोगियों ने अवैध खनन का आरोप लगाकर ग्रामीणों के साथ मारपीट की थी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई. एसडीएम सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.”